आज ही के दिन 1949 में भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा का जन्म पंजाब में हुआ था। जुलाई 1966 में उनका नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) में एडमिशन हुआ। 21 साल की उम्र में वो एयरफोर्स से जुड़े और वहां वो सुपरसोनिक लड़ाकू विमान उड़ाया करते थे। पाकिस्तान के साथ 1971 की जंग में उन्होंने 21 बार उड़ान भरी थी और उस वक्त वो 23 साल के भी नहीं हुए थे। राकेश शर्मा जब 25 साल के थे, तभी एयरफोर्स के सबसे बेहतरीन पायलट बन गए थे।
उनकी उम्र जब 35 साल थी, तब वो अंतरिक्ष में गए थे। अंतरिक्ष में जाने वाले राकेश शर्मा 128वें इंसान थे और पहले भारतीय थे। राकेश शर्मा को 50 फाइटर पायलटों के टेस्ट के बाद चुना गया था। उनके अलावा रवीश मल्होत्रा को भी चुना गया था और दोनों को रूस में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था। हालांकि, रवीश मल्होत्रा बैकअप के तौर पर थे। इसरो और सोवियत संघ (अब रूस) के ज्वॉइंट मिशन के तहत राकेश शर्मा ने 3 अप्रैल 1984 को सोयूज टी-11 से अंतरिक्ष यात्रा शुरू की थी। अंतरिक्ष में उन्होंने 7 दिन 21 घंटे और 40 मिनट बिताए थे।
सारे जहां से अच्छा
अंतरिक्ष से सोयूज टी-11 की क्रू के साथ ज्वॉइंट कॉन्फ्रेंस के जरिए देश ने पहली बार अंतरिक्ष में मौजूद अपने नागरिक के साथ बात की थी। उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने राकेश शर्मा ने पूछा था कि अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है? उन्होंने हिंदी में जवाब दिया था- सारे जहां से अच्छा।
अंतरिक्ष से लौटने के बाद राकेश शर्मा ने फिर से जेट पायलट के तौर पर अपनी जिंदगी शुरू की। उन्होंने जगुआर जैसे लड़ाकू विमान उड़ाए। राकेश शर्मा को हीरो ऑफ द सोवियत यूनियन अवॉर्ड से भी नवाजा गया है। वो इकलौते भारतीय हैं, जिन्हें ये सम्मान मिला है। इसके साथ ही उन्हें अशोक चक्र से भी सम्मानित किया गया है।
दुनिया ने पहली बार देखा था मिकी माउस
आज ही के दिन 1930 में मशहूर कॉमिक कैरेक्टर मिकी माउस पहली बार कॉमिक स्क्रिप्ट में दिखा था। न्यूयॉर्क मिरर में छपने वाली इस कॉमिक की स्क्रिप्ट वॉल्ट डिजनी लिखते थे। धीरे-धीरे मिकी माउस का किरदार बहुत मशहूर हो गया। अगले कुछ ही महीनों में इस कॉमिक को 24 देशों के 40 अखबारों में छापा जाने लगा।
भारत और दुनिया में 13 जनवरी की महत्वपूर्ण घटनाएं :
- 2007: महिलाओं के प्रति भेदभाव दूर करने के लिए संयुक्त राष्ट्र का 37वां अधिवेशन न्यूयार्क में हुआ।
- 2006: ब्रिटेन ने परमाणु कार्यक्रम को लेकर ईरान पर सैन्य हमले से इनकार किया।
- 1999: नूरसुल्तान नजरबायेव दोबारा कजाखस्तान के राष्ट्रपति चुने गए।
- 1993: अमेरिका और उसके सहयोगियों ने दक्षिणी इराक में ‘नो फ्लाई जोन’ की घोषणा की और इराक पर हवाई हमले भी किए।
- 1988 : चीन के राष्ट्रपति चिंग चियांग कुमो का निधन।
- 1976 : भारत के प्रसिद्ध तबला वादक अहमद जान थिरकवा का निधन।
- 1948 : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हिन्दू-मुस्लिम एकता बनाए रखने के लिए कोलकाता में आमरण अनशन शुरू किया।
- 1938 : जाने-माने संतूर वादक पंडित शिवकुमार का जन्म।
- 1926 : प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक शक्ति सामंत का जन्म।
- 1910 : न्यूयॉर्क में दुनिया का पहला सार्वजनिक रेडियो प्रसारण शुरु हुआ। यह प्रसारण 20 किलोमीटर दूर समंदर में मौजूद जहाज पर भी सुना जा सकता था।
- 1849 : दूसरे ब्रिटिश-सिख युद्ध के दौरान चिलियांवाला की लड़ाई शुरू हुई।
- 1709 : मुगल शासक बहादुर शाह प्रथम ने अपने भाई कमबख्श को हैदराबाद में पराजित किया।
- 1607 : स्पेन में दिवालिया होने की घोषणा के बाद ‘बैंक ऑफ जेनेवा’ का पतन।